औरंगाबाद में रात 2 बजे भयानक टक्कर, स्विफ्ट डिजायर बनी आग का गोला

औरंगाबाद: अनियंत्रित अर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई जिसमें स्विफ्ट डिजायर में आग लग गई. देखते ही देखते कार जलने लगी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. घटना शहर के दानी बिगहा बस स्टैंड के पास की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है.

पहले दोनों कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसके बाद स्विफ्ट डिजायर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. टक्कर के कुछ ही देर बाद कार से धुआं निकलने लगा और फिर उसमें आग भड़क उठी. स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल की टीम के पहुंचने तक स्विफ्ट डिजायर पूरी तरह जल चुकी थी.

हादसे में कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. अन्य कार सवारों की पहचान में पुलिस जुटी है. गनीमत रही कि आग की लपटें अर्टिगा कार तक नहीं पहुंचीं. बताया जा रहा है कि अर्टिगा में सीएनजी लगा था.

यदि आग उस वाहन तक फैल जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और आसपास मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी. घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

close