सूरजपुर: अंधरा पुल पर भीषण सड़क हादसा, बाइक और छोटा हाथी की जोरदार भिड़ंत, युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

सूरजपुर; जिले के रेवटी चौकी क्षेत्र अंतर्गत अंधरुआ पुल के पास आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल राजवाड़े, पिता स्वर्गीय रोशन राजवाड़े, निवासी ग्राम केवरा, पोस्ट केवरा, थाना व तहसील भैयाथाना, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है. उसकी उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल राजवाड़े बाइक क्रमांक CG 29 AF 8488 से अपने गांव केवरा से वाड्रफनगर की ओर जा रहा था. उसी दौरान वाड्रफनगर की तरफ से अंबिकापुर की दिशा में आ रहे एक छोटा हाथी वाहन से अंधरुआ पुल के समीप उसकी आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के तुरंत बाद छोटा हाथी वाहन चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
इस हादसे की खबर मिलते ही ग्राम केवरा में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि विशाल परिवार का सहारा था और उसकी असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.











