वायु शक्ति-26 अभ्यास में पोखरण में दिखेगी भारतीय वायु सेना की ताकत, 27 फरवरी को गरजेंगे राफेल-तेजस

भारतीय वायु सेना 27 फरवरी को राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोखरण एयर-टू-ग्राउंड रेंज में एक्सरसाइज वायु शक्ति-26 के तहत अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करेगी। इस अभ्यास के माध्यम से वायु सेना दुश्मन को त्वरित और प्रभावी जवाब देने, ऑपरेशनल माहौल पर नियंत्रण स्थापित करने और रणनीतिक लक्ष्यों को हासिल करने की अपनी क्षमता को प्रदर्शित करेगी।

इस अभ्यास में आपदा प्रबंधन और मानवीय सहायता में वायु सेना की भूमिका की भी झलक देखने को मिलेगी। इसमें देश और विदेश के संघर्ष क्षेत्रों से त्वरित एयरलिफ्ट, बचाव और निकासी अभियानों का प्रदर्शन किया जाएगा।

वायु शक्ति-26 के दौरान तेजस, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, सुखोई-30 एमकेआई, मिग-29, हॉक, सी-130जे, सी-295, सी-17 सहित कई लड़ाकू और परिवहन विमान शामिल होंगे। इसके साथ ही चेतक, एएलएच एमके-IV, एमआई-17 IV, एलसीएच, अपाचे और चिनूक जैसे हेलीकॉप्टर भी पूर्ण स्पेक्ट्रम ऑपरेशंस में भाग लेंगे। रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट का भी उपयोग किया जाएगा।

अभ्यास के दौरान शॉर्ट रेंज लोइटरिंग म्यूनिशंस, आकाश मिसाइल प्रणाली, स्पाइडर और काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स जैसे आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन दिन, शाम और रात के मिशनों में किया जाएगा। इससे वायु सेना की चौबीसों घंटे संचालन क्षमता को दर्शाया जाएगा।

वायु शक्ति-26 में लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता, मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस और आत्मनिर्भर भारत के तहत विकसित स्वदेशी प्लेटफॉर्म की प्रभावशीलता को भी प्रदर्शित किया जाएगा। यह अभ्यास राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे में भारतीय वायु सेना की प्रमुख भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

close