कोरबा: खतरों के बीच तालीम की मजबूरी.. ऊर्जाधानी कोरबा के कोहड़िया स्कूल का वीडियो वायरल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

कोरबा: पुरानी बस्ती कोहड़िया स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का एक चिंताजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में स्कूल के छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर करीब सात फीट ऊंची दीवार पर चढ़ते और ऊपर से गुजर रही विद्युत प्रवाह वाली तार के पास झूलते नजर आ रहे हैं.

वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुछ बच्चे दीवार पर बैठे हुए हैं और नीचे लटक रही बिजली की लाइन के बेहद करीब पहुंचकर खेल रहे हैं. ऐसी स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. बच्चे गिरकर घायल हो सकते हैं या फिर करंट की चपेट में आकर गंभीर दुर्घटना का शिकार बन सकते हैं.

जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे छात्र-छात्राएं कक्षा पांचवीं और छठवीं के बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत तार काफी नीचे से होकर गुजरी है और लंबे समय से झूल रही है. इसके बावजूद न तो स्कूल प्रबंधन ने इस ओर ध्यान दिया और न ही विद्युत विभाग ने कोई कार्रवाई की. छुट्टी के समय बच्चे अक्सर दीवार पर चढ़ते और आसपास खेलते नजर आते हैं.

स्थानीय नागरिकों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रबंधन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो. बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है, जिसके चलते वे बेखौफ होकर दीवार पर चढ़ रहे हैं और बिजली के तार के पास खेल रहे हैं.

वहीं, स्कूल के पास मुख्य सड़क भी स्थित है. छुट्टी के समय बच्चे बाहर घूमते नजर आते हैं, जिससे सड़क दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि तत्काल संज्ञान लेते हुए झूल रही बिजली की तार को ऊंचा किया जाए और स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले बच्चों की जान सुरक्षित की जा सके.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com