औरंगाबाद: शादी में शामिल होने गए थे परिजन, दो भाइयों के घर से लाखों की नकदी व जेवर गायब; CCTV फूटेज खंगाल रही पुलिस

औरंगाबाद: शहर के करमा रोड स्थित वार्ड नंबर-7 स्थित संस्कार कॉलोनी में दो सगे भाइयों के सुनसान घरों में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है. इस घटना में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रूपये नकद सहित करोड़ों के जेवरात उड़ा लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

गृह स्वामी शंकर दयाल सिंह ने बताया कि उनके चचेरे भाई की शादी थी. पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए पैतृक गांव फेसर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव गया हुआ था. 9 फरवरी को बारात थी. बारात से लौटने के बाद सभी लोग गांव पर ही रुके थे, उसी रात चोरों ने उनके और उनके छोटे भाई के घर को निशाना बनाया.

मंगलवार को पड़ोसियों ने घर का दरवाजा टूटा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी. पड़ोसियों ने बताया कि घर के बाहर जेवर के बैग और कुछ आभूषण बिखरे पड़े थे. सूचना मिलते ही शंकर दयाल सिंह परिवार के साथ लौटे तो देखा कि घर के अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है. गहनों और नकदी की जांच की गई तो सब गायब मिला. यह देख परिजन बिलख उठे. घटनास्थल से टूटे हुए ताले और चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद हुई है.

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उस स्थान की घेराबंदी की, जहां से जेवरात के बैग और अन्य सामान मिला था. शंकर दयाल सिंह की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि उनके अपने गहनों के अलावा उनकी दो बहनों के भी गहने घर में सुरक्षित रखे गए थे. एक बहन बंटी सिंह पंजाब के जालंधर स्थित मानसा में रहती हैं, जबकि, दूसरी बहन सीमा बारुण प्रखंड के गोपी बिगहा गांव में रहती हैं. दोनों के घरों की सुरक्षा को देखते हुए गहने पिंकी देवी के यहां रखे गए थे. चोरों ने सभी गहनों पर हाथ साफ कर दिया.

शंकर दयाल सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर चोरी गए सामान की विस्तृत जानकारी दी है. आवेदन के अनुसार 14 सोने की अंगूठियां, दो सोने के कंगन, दो सोने की चेन, छह सोने के लॉकेट, एक सोने का हार, पांच जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन सोने के टीका, तीन सोने की नथिया, दो जोड़ी सोने के झुमके, तीन जोड़ी सोने की कुंडल बाली, चार सोने की नथुनी, आठ जोड़ी चांदी की पायल, 18 चांदी के सिक्के, 23 चांदी की बिछिया और एक लाख 30 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं.

नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हैं.

close