पतंजलि फूड्स ने बनाया कमाई का रिकॉर्ड, 9 महीनों में 29 हजार करोड़ रुपये का रेवेन्यू

मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में पतंजलि फूड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया है। इस अवधि में कंपनी का कुल रेवेन्यू 29,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है।
कंपनी के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव, रुपये में गिरावट और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक चुनौतियों के बावजूद रेवेन्यू के मोर्चे पर मजबूत बढ़त दर्ज की गई है। तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू करीब 10,500 करोड़ रुपये रहा।
वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, तीसरी तिमाही में ऑपरेशन से रेवेन्यू 10,483.71 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 16.53 प्रतिशत और पिछली तिमाही से 7.23 प्रतिशत अधिक है। नौ महीनों का कुल रेवेन्यू 29,013.98 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिसमें सालाना आधार पर 16.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का कुल ईबीआईटीडीए 492.06 करोड़ रुपये रहा, जिसका मार्जिन 4.69 प्रतिशत रहा। वहीं, इस अवधि में कर पश्चात लाभ 593.76 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
एफएमसीजी सेगमेंट ने कंपनी की कमाई में अहम भूमिका निभाई है। तीसरी तिमाही में इस सेगमेंट से 3,248.35 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 38.93 प्रतिशत अधिक है। कुल रेवेन्यू में इसका योगदान 30 प्रतिशत से ज्यादा रहा।
फूड ऑयल सेगमेंट से भी कंपनी को मजबूत आय हुई है। तीसरी तिमाही में इस सेगमेंट से 7,335.71 करोड़ रुपये का रेवेन्यू प्राप्त हुआ, जो सालाना आधार पर लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। ब्रांडेड फूड ऑयल की बिक्री कुल खाद्य तेल कारोबार का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा रही।
इसके अलावा, एयर टरबाइन पावर प्रोडक्शन से भी कंपनी को इस तिमाही में 4.27 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला है।
कुल मिलाकर, पतंजलि फूड्स का यह प्रदर्शन दर्शाता है कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद कंपनी ने अपनी बाजार स्थिति को मजबूत बनाए रखा है और वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड कमाई की ओर तेजी से बढ़ रही है।











