कहीं धूप तो कहीं बर्फबारी: देश के 9 राज्यों में बदलेगा मौसम ,चार दिन तक बारिश का अलर्ट


दिल्ली। देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। दिन में तेज धूप से गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 फरवरी से अगले चार दिनों तक 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार जिन राज्यों में बारिश के आसार हैं, उनमें
जम्मू-कश्मीर,
हिमाचल प्रदेश,
उत्तराखंड,
तमिलनाडु,
केरल,
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह,
छत्तीसगढ़,
ओडिशा और
कर्नाटक शामिल हैं।
21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
22-23 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
22 से 24 फरवरी के बीच उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23-24 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
दिल्ली और यूपी का मौसम
दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी। बारिश की संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
IMD के मुताबिक अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मध्य भारत में भी तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी के संकेत हैं।
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
कुल मिलाकर, उत्तर भारत में तापमान बढ़ने की प्रवृत्ति दिख रही है, जबकि दक्षिण और पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है।











