छत्तीसगढ़: मौत की सड़क बनी कटघोरा-अंबिकापुर हाइवे!.. ट्रक-पिकअप में हुई भिड़ंत, 2 की दर्दनाक मौत

कोरबा: कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे एक बार फिर खून से लाल हो गया है. बांगो थाना क्षेत्र के मोरगा चौकी अंतर्गत मोरगा केंदई हसदेव पुल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. इस हादसे ने एक बार फिर इस हाईवे की खतरनाक स्थिति और लगातार हो रहे हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, हाइवा ट्रक और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का चालक वाहन में ही फंस गया. मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला. हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की. घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं.

यह पहला मौका नहीं है जब इस हाईवे पर इस तरह का हादसा हुआ हो. कुछ दिन पहले भी इसी मार्ग पर दो कारों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई थी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों से यह साफ है कि यह सड़क अब “मौत की सड़क” बनती जा रही है.

जागरूकता कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा

स्थानीय लोगों का कहना है कि बेतरतीब रफ्तार, भारी वाहनों की लापरवाही और पर्याप्त निगरानी की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों का भी जमीनी स्तर पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है, जिसके चलते निर्दोष लोग बेमौत मारे जा रहे हैं.

close