महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में 25 फरवरी को विशाल रोजगार मेला


रायपुर। स्थानीय महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों एवं युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को प्रातः 10:00 बजे से महाविद्यालय परिसर में विशाल रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है । इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य शिक्षित युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों के साथ सीधे जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है । मेले में विभिन्न क्षेत्रों जैसे बैंकिंग, मार्केटिंग, आईटी, हॉस्पिटैलिटी, शिक्षा, रिटेल एवं सेवा क्षेत्र से संबंधित अनेक राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय कंपनियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है ।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का ऑन-स्पॉट पंजीयन, साक्षात्कार एवं प्राथमिक चयन की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी । इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां तथा पासपोर्ट आकार के फोटो लेकर उपस्थित होने का आग्रह किया गया है ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने इस आयोजन में जिले सहित आसपास के महाविद्यालयों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ लेने की अपील की है । यह आयोजन युवाओं के करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा ।










