उत्तर प्रदेश: बहराइच में होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट: मिलावटखोरों पर हो रही सख्त कार्रवाई

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में होली जैसे प्रमुख त्योहार को ध्यान में रखते हुए आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले भर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है.

उत्तर प्रदेश सरकार के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में यह अभियान विशेष रूप से मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की जा रही है, जहाँ मिलावट की आशंका सबसे अधिक रहती है. जिसको लेकर प्रशासन की टीमों के द्वारा लगातार जांच अभियान शुरू कर दिया गया है.

जांच के दौरान कई स्थानों पर मिलावटी पदार्थों से युक्त मिठाइयाँ पाए जाने की पुष्टि हुई है. ऐसे मामलों में प्रशासन ने बिना किसी ढिलाई के त्वरित और कठोर कार्रवाई करते हुए दोषी दुकानदारों पर कार्रवाई की है.

इसी क्रम में बहराइच जिले के पायागपुर क्षेत्र में उप जिलाधिकारी अश्वनी पांडे एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर सिंह वर्मा की संयुक्त टीम ने कई मिठाई दुकानों पर छापेमारी की. निरीक्षण के दौरान मानकों के विपरीत और मिलावटी पाई गई मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया, साथ ही संबंधित दुकानदारों को सख्त चेतावनी भी दी गई.

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आगे भी जिले के अन्य क्षेत्रों में यह अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के द्वारा लगातार युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है.

close