रीवा में ‘अधर्म’: गृह प्रवेश में गूंजे देवी-देवताओं पर अपशब्द, भाजपा नेता के घर बवाल, वीडियो वायरल

रीवा: शहर के कैलाशपुरी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाउडस्पीकर से गूंज रही आपत्तिजनक टिप्पणियों ने पूरे मोहल्ले में आक्रोश की आग भड़का दी.
मामला इतना बढ़ा कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट की नौबत तक आ गई. पुलिस की दखल के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा व्याप्त था.
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर के भाजपा नेता सीताराम साकेत के कैलाशपुरी स्थित नवनिर्मित मकान में गुरुवार को गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर लगे लाउडस्पीकर से भगवान शंकर, मां दुर्गा और भगवान कृष्ण सहित अन्य हिंदू देवी-देवताओं के विरुद्ध अपमानजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था.
स्थानीय निवासी ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य शोर-शराबा समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन जब टिप्पणियां मर्यादा की सीमा पार कर गईं, तो मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल 112 को सूचित किया गया। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लाउडस्पीकर बंद करवाया और दोनों पक्षों को शांत किया। आधा दर्जन से अधिक महिलाओं ने एकजुट होकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने शिकायत पत्र स्वीकार कर लिया है। मौके पर मौजूद साक्ष्यों और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर जल्द ही एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
एक राजनैतिक दल से जुड़े व्यक्ति के घर इस तरह का कृत्य होना चर्चा का विषय बना हुआ है.शहर के स्थानीय लोगो का कहना है कि आस्था के नाम पर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है। वर्तमान में पुलिस मोहल्ले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही है.











