मायावती का बड़ा फैसला, आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर पद से हटाया; ईशान की बढ़ी सक्रियता

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) में एक बार फिर बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर के पद से हटा दिया है। वहीं, लखनऊ में हुई BSP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आकाश आनंद की गैरमौजूदगी और उनके छोटे भाई ईशान आनंद की मंच पर मौजूदगी ने पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मायावती के साथ उनके भाई आनंद कुमार के बगल में ईशान आनंद भी नजर आए। पार्टी के किसी बड़े आधिकारिक मंच पर ईशान की यह पहली प्रमुख मौजूदगी मानी जा रही है। इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या मायावती अब BSP में नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।
आकाश आनंद का राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव भरा
आकाश आनंद को दिसंबर 2023 में मायावती ने BSP का नेशनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने के साथ अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया था। हालांकि, मई 2024 में उन्हें पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से हटा दिया गया। इसके बाद उनकी दोबारा वापसी हुई और 2026 में उन्होंने उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कई कार्यक्रमों और रैलियों में हिस्सा लिया।
अब मायावती ने संकेत दिया है कि आकाश आनंद को फिलहाल कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। उनका कहना है कि आकाश को राजनीतिक रूप से और अधिक परिपक्व होने की जरूरत है।
ईशान आनंद को लेकर बढ़ी चर्चा
ईशान आनंद लंदन की वेस्टमिंस्टर यूनिवर्सिटी से लॉ ग्रेजुएट हैं। वह इससे पहले मायावती के जन्मदिन और कुछ संगठनात्मक कार्यक्रमों में नजर आ चुके हैं। अब राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनकी मौजूदगी को पार्टी में उनकी बढ़ती सक्रियता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, BSP अपनी युवा विंग को लेकर बड़ा फैसला कर सकती है और इसकी जिम्मेदारी ईशान आनंद को दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, फिलहाल उन्हें मायावती का राजनीतिक उत्तराधिकारी मानना जल्दबाजी होगी। मायावती पहले ही कह चुकी हैं कि उनके रहते पार्टी में कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। BSP संगठन को मजबूत करने और नई पीढ़ी के मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश में जुटी है।











