जबलपुर में होली पर शर्मनाक वारदात: नाबालिग को निर्वस्त्र कर पीटा, पुलिस पर FIR टालने का आरोप

जबलपुर: ​मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. घमापुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ होली के दिन न केवल अभद्रता की गई, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर मारपीट भी की गई. पीड़िता की मां का आरोप है कि पुलिस ने इस गंभीर मामले में एफआईआर दर्ज करने के बजाय इसे “होली का त्यौहार” बताकर टालने की कोशिश की.
​घटना का विवरण
​महिला के अनुसार, 4 तारीख की दोपहर जब उनका परिवार घर के सामने होली खेल रहा था, तभी पीछे रहने वाला हनी बेन नाम का युवक वहां पहुंचा. आरोप है कि युवक और उसके साथ आई कुछ महिलाओं ने नाबालिग छात्रा के साथ मारपीट की और उसके कपड़े तक उतार दिए.
​आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी हनी बेन पहले भी उनकी बेटी को डरा-धमका कर भगा ले गया था, जिसके चलते उस पर धारा 376 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. जेल से जमानत पर छूटने के बाद से वह लगातार छात्रा को परेशान कर रहा था और उस पर तेजाब फेंकने व जान से मारने की धमकियां दे रहा था.
​पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
​महिला का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर घमापुर थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद स्टाफ ने यह कहकर रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया कि “होली का त्यौहार है, इतना तो चलता है.” हताश होकर महिला ने एसपी (SP) कार्यालय का दरवाजा खटखटाया.
महिला ने बताया- मैंने एसपी साहब को घटना का वीडियो भी दिखाया. उनके हस्तक्षेप और निर्देश के बाद भी थाने में हमें घंटों बिठाकर रखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. शीतला माई, बम्बा देवी मंदिर क्षेत्र की रहने वाली यह महिला अब अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगा रही है.

close