जादू-टोना के शक में युवक की बेरहमी से हत्या, कुल्हाड़ी से सिर काटकर शव फेंका

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में जादू-टोना के शक में एक व्यक्ति की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले युवक की लाठी-डंडों से पिटाई की और बाद में कुल्हाड़ी से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना जबलपुर जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के बिसनपुरा गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान भूरा यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गांव के ही दो लोगों को शक था कि भूरा यादव जादू-टोना करता है, इसी बात को लेकर उन्होंने उस पर हमला कर दिया।
मृतक के भाई नन्हेलाल यादव ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि 4 मार्च की शाम करीब 4 बजे वह अपने मवेशियों को जंगल से चराकर घर लौट रहा था। जब वह अपने भाई के घर के पास पहुंचा तो उसने देखा कि गांव के मधुशाह और पिट्टी यादव भूरा यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मारपीट कर रहे थे।
नन्हेलाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इसी दौरान उसका बेटा सुरेश यादव भी वहां पहुंच गया, लेकिन आरोपियों ने उसे भी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। हमले में नन्हेलाल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि सुरेश यादव की आंख में भी चोट लगी।
मारपीट के बाद आरोपी भूरा यादव को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथ ले गए। डर के कारण नन्हेलाल अपने बेटे के साथ घर लौट आया। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे जब वह भाई के घर पहुंचा तो वहां उसके मवेशी तो बंधे हुए मिले, लेकिन भूरा यादव का कोई पता नहीं चला।
कुछ देर बाद आसपास के इलाके में खोजबीन के दौरान बरापानी हार क्षेत्र में एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान भूरा यादव के रूप में की। शव से कुछ दूरी पर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सतीश कुमार अंधवानी के नेतृत्व में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस निर्मम हत्या की घटना के बाद बिसनपुरा और आसपास के गांवों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











