FIITJEE प्रभावित स्टूडेंट्स की फीस लौटाएगा, जून से शुरू होगी प्रक्रिया, स्पेशल ईमेल ID शुरू होगी

FIITJEE से धाेखा खाए स्टूडेंट्स और पैरेंट्स के लिए बड़ा अपडेट है. FIITJEE ने ऐसे प्रभावित स्टूडेंट्स की फीस लौटाने की घोषणा की है, जिसके तहत FIITJEE प्रभावित स्टूडेंट्स आनुपातिक (प्रोपोर्शनल) फीस वापसी करेगा. फीस वापसी की ये प्रक्रिया जून 2026 के अंतिम सप्ताह से शुरू होगी, जो FIITJEE के दिल्ली स्थित मुख्यालय से संचालित होगी और सभी सेंटर के प्रभावित स्टूडेंट्स की फीस मुख्यालय की तरफ से ही लौटाई जाएगी. FIITJEE का दावा है कि इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी. वहीं फीस लौटाने की प्रक्रिया संचालित करने के लिए FIITJEE एक स्पेशल ईमेल ID शुरू करेगा.

आइए जानते हैं कि मामला क्या है? FIITJEE की तरफ से लौटाई जा रही फीस को कैसे वापस प्राप्त किया जा सकता है? जानेंगे कि FIITJEE ने इस संबंध में क्या घोषणा की है.

2025 में अचानक बंद कर रही थी ऑफलाइन क्लासेस

असल में दो साल पूर्व तक FIITJEE की पहचान देश में जेईई मेन, जेईई एडवांस, बोर्ड परीक्षाओं, ओलंपियाड, NTSE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने वाले प्रमुख कोचिंग संस्थान की थी. देशभर में बड़ी संख्या में FIITJEE के कोचिंग सेंटर संचालित होते थे, लेकिन 2025 में अचानक से FIITJEE ने ऑफलाइन क्लासेस बंद कर दी. इससे उन स्टूडेंट्स की परेशानियां बढ़ गई, जिन्होंने कोचिंग के लिए फीस जमा कराते हुए FIITJEE में रजिस्ट्रेशन कराया था. मसलन, बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स के पैसे FIITJEE में फंस गए. इस मामले को लेकर बड़ा बवाल हुआ था.

जून से फीस वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी

FIITJEE ने बयान जारी कर कहा है कि 2025 में प्रभावित स्टूडेंट्स की आनुपातिक (प्रोपोर्शनल) फीस वापसी की प्रक्रिया जून 2026 के अंतिम सप्ताह से शुरू की जाएगी. यह पूरी प्रक्रिया केवल दिल्ली स्थित फिटजी के कॉर्पोरेट कार्यालय द्वारा संभाली जाएगी, ताकि पारदर्शिता और एकरूपता बनी रहे. स्थानीय केंद्र इसमें शामिल नहीं होंगे. FIITJEE ने कहा है कि उसने इस संबंध में पैरेंट्स को संदेश भेज दिए हैं.

वहीं FIITJEE ने जारी बयान में कहा है कि पैरेंट्स काे भेजे गए संदेश में स्पष्ट किया गया है कि बाहरी कारणों और भ्रामक खबरों के कारण प्रतिकूल स्थिति बनी, जिसकी वजह से कुछ सेंटरों पर ऑफलाइन कक्षाएं रोकनी पड़ीं. सेंटराें की बिक्री जैसी अफवाहों ने स्थिति को और जटिल बना दिया था. FIITJEE ने कहा है कि इन परिस्थितियों के बीच तुरंत ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखी. FIITJEEeSchool के जरिए छात्रों को जेईई मेन, जेईई एडवांस, बोर्ड परीक्षाओं, ओलंपियाड, NTSE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई गई.

15 जून तक बकाया की जानकारी दी जाएगी

FIITJEE ने जारी बयान में कहा है कि 15 जून 2026 तक सभी पैरेंट्स को उनके रिफंड की सटीक राशि की जानकारी दे दी जाएगी. 16 जून 2026 से एक विशेष ईमेल आईडी भी शुरू की जाएगी, जहां अभिभावक किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए संपर्क कर सकेंगे.

FIITJEE की फिर होगी एंट्री

जारी बयान में FIITJEE ने कहा है कि अब वह एक नए सहयोगी मॉडल के तहत अपने सेंटर संचालित करेगा. इस मॉडल में उद्यमियों के साथ मिलकर फिटजी सेंटर्स, फिटजी वर्ल्ड स्कूल्स और फिटजी ग्लोबल स्कूल्स चलाए जाएंगे. FIITJEE का कहना है कि इस व्यवस्था में पारंपरिक फ्रेंचाइज फीस नहीं होगी, बल्कि एक तय स्थापना शुल्क और वार्षिक लाइसेंस शुल्क लिया जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता और प्रबंधन प्रणाली को मजबूत किया जा सके.

close