बिहार: सुपौल में शादी के चार दिन बाद ही अंशू का उजड़ गया सुहाग, नई जिंदगी शुरू होने से पहले ही टूटा सपना…

सुपौल: बिहार के सुपौल में अभी हाथों की मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था और घर में शादी की खुशियों की गूंज थमी भी नहीं थी कि अचानक आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया.
बता दें बीते छह मार्च को उमेश की शादी जदिया थाना क्षेत्र के गुड़िया पंचायत के लबढ़ी वार्ड 8 निवासी उपेंद्र यादव की पुत्री अंशु कुमारी के साथ धूमधाम से हुई थी. शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था और परिजन नए रिश्ते की खुशियों में डूबे हुए थे. लेकिन शादी के महज चार दिन बाद ही अचानक हुई सड़क दुर्घटना में उमेश की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहीं अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की मां बिंदा देवी का हाल बेहाल है, वहीं नवविवाहिता पत्नी अंशु कुमारी बार-बार यही सवाल कर बेहोश हो जा रही है कि आखिर उनके साथ यह क्या हो गया.
दरअसल आपको बता दें कि एनएच 327 ई पर थाना क्षेत्र के श्रीपुर विशननपुर गांव के समीप मंगलवार की शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की बीते छह मार्च को शादी हुई थी. मिली जानकारी के अनुसार जदिया थाना क्षेत्र की पिलुवाहा पंचायत के वार्ड 2 निवासी दुखो यादव के 25 वर्षीय पुत्र उमेश कुमार मंगलवार की शाम त्रिवेणीगंज बाजार से वापस घर जा रहे थे. इसी क्रम के एनएच 327ई पर थाना क्षेत्र के श्रीपुर विशनपुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार से आमने-सामने टक्कर हो गई.
इस घटना में उमेश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए जबकि अन्य बाइक सवार भागने में सफल रहा. गंभीर रूप से जख्मी उमेश यादव कुमार को राहगीरों द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. बाहर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
इस संबंध थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेजने की कार्यवाही की जा रही है.











