युवा पीढ़ी की प्राथमिकता बना अपना घर, रिटायरमेंट से पहले ही खरीदने का बढ़ा रुझान

बदलते समय के साथ घर खरीदने को लेकर लोगों की सोच भी तेजी से बदल रही है। पहले जहां अधिकांश लोग रिटायरमेंट के बाद अपना घर खरीदने की योजना बनाते थे, वहीं अब युवा पीढ़ी जीवन के शुरुआती दौर में ही घर खरीदने को प्राथमिकता देने लगी है।
बढ़ती महंगाई और ऊंची प्रॉपर्टी कीमतों के बीच आज के समय में एक सामान्य आय वाले व्यक्ति के लिए घर खरीदना आसान नहीं रह गया है। इसके बावजूद मिडिल क्लास परिवार अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में घर खरीदने को शामिल करने लगे हैं। भारतीय समाज में रोटी, कपड़ा और मकान को हमेशा से बुनियादी जरूरतों में गिना गया है और घर आज भी लोगों की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी समझती है कि जीवन के बड़े फैसले, जैसे विवाह या परिवार की शुरुआत, एक स्थिर घर के साथ अधिक सहज हो जाते हैं। अपने सिर पर अपनी छत होने से आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना दोनों बढ़ती हैं। अब घर केवल निवेश का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह जीवन में स्थिरता और मानसिक सुरक्षा भी देता है।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों के मुताबिक घर खरीदते समय केवल कीमत ही नहीं बल्कि लोकेशन भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। घर के आसपास की कनेक्टिविटी, पर्यावरण, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं जैसे स्कूल, अस्पताल और सार्वजनिक परिवहन आज लोगों के निर्णय का अहम हिस्सा बन चुके हैं। खासकर बड़े शहरों में प्रदूषण, ट्रैफिक और रहने की सुविधाएं भी घर चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि घर खरीदते समय भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखना जरूरी है। जिस क्षेत्र में घर लिया जा रहा है वहां आने वाले वर्षों में विकास की क्या संभावनाएं हैं, इंफ्रास्ट्रक्चर कैसा होगा और वहां रहना लंबे समय में कितना सुविधाजनक रहेगा, इन सभी पहलुओं पर विचार करना जरूरी है।
इस तरह घर खरीदना केवल एक आर्थिक लेन-देन नहीं बल्कि दूरदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ लिया गया जीवन का बड़ा फैसला बन चुका है, जिसका असर आने वाली कई पीढ़ियों तक पड़ता है।










