सिर पर फसल का बोझा… ऊपर हाई टेंशन तार, पलभर में बुझ गई 23 साल के युवक की जिंदगी

औरंगाबाद : गोह थाना क्षेत्र में बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.मृतक की पहचान गोह थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी तपेश्वर रजक के 23 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है.बताया जाता है कि विकास अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांव के दक्षिण दिशा में स्थित बाधार में रबी फसल की कटाई करने गया था.

खेत में मसूर की फसल काटने के बाद वह उसका बोझा सिर पर रखकर घर वापस लौट रहा था.इसी दौरान रास्ते में कम ऊंचाई पर झूल रहा बिजली का हाई टेंशन तार उसे दिखाई नहीं दिया और सिर पर रखा फसल का बोझा तार में फंस गया.जब उसने बोझा हटाने के लिए हाथ से तार को हटाने की कोशिश की तो वह करंट की चपेट में आ गया.तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा.

घटना को देख आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया और अन्य ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी.सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए.आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

अस्पताल परिसर में ही परिजन शव से लिपटकर बिलखते रहे। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा रहा और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।घटना की सूचना मिलते ही गोह थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया.थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा.

परिजनों ने बताया कि विकास चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी.वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा था तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेती-बाड़ी में भी परिवार का सहयोग करता था.परिजनों के अनुसार विकास पढ़ाई में काफी होनहार था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं.

उसके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.ग्रामीणों ने बताया कि खेतों के पास कई जगहों पर बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है.लोगों ने बिजली विभाग से ऐसे तारों को ठीक कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close