सुपौल के सरकारी स्कूलों में परीक्षा का हाल, मोबाइल से डाउनलोड हो रहा प्रश्न; शिक्षक बोर्ड पर लिखकर ले रहे परीक्षा

सुपौल: शिक्षा विभाग के निर्देश पर प्रारंभिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा 2025-26 का आयोजन 12 मार्च से 19 मार्च तक किया जा रहा है. परीक्षा के दूसरे दिन शनिवार को सदर प्रखंड के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में वर्ग 3 से 8 तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई. हालांकि नई व्यवस्था के कारण कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

विभागीय निर्देश के अनुसार प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर टैबलेट या मोबाइल के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रश्नपत्र डाउनलोड कर उसे ब्लैकबोर्ड पर लिखते हैं, जिसे देखकर बच्चे अपनी उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखते हैं. इसी व्यवस्था के तहत सदर प्रखंड के अनुसूचित जाति प्राथमिक विद्यालय बरूआरी में भी शिक्षक मोबाइल से प्रश्नपत्र डाउनलोड कर ब्लैकबोर्ड पर लिखकर परीक्षा संचालित करते देखे गए. शिक्षक प्रश्नपत्र को बोर्ड पर लिखने में व्यस्त रहे, वहीं बच्चे बोर्ड की ओर टकटकी लगाए प्रश्न पूरा लिखे जाने का इंतजार करते रहे.

कई विद्यार्थियों ने बताया कि दूर बैठने के कारण प्रश्न पढ़ने-लिखने में कठिनाई हो रही थी. शिक्षकों का कहना है कि परीक्षा की कुल अवधि दो घंटे निर्धारित है, लेकिन प्रश्नपत्र को मोबाइल से डाउनलोड कर ब्लैकबोर्ड पर लिखने में काफी समय लग जाता है. पहले उत्तर पुस्तिका में ही प्रश्न छपा रहता था, जिससे बच्चों को सीधे उत्तर लिखने में सुविधा होती थी। नई व्यवस्था में प्रश्न लिखने, मिटाने और दोबारा लिखने की प्रक्रिया में समय भी अधिक लग रहा है. शनिवार को हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी. कुछ अभिभावकों ने इस नई व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे तकनीक आधारित कदम बताया, जबकि कई लोगों का कहना था कि इससे छोटे बच्चों को मानसिक व शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विभागीय निर्देश के तहत निष्पक्ष परीक्षा के लिए जिस विद्यालय में परीक्षा आयोजित हो रही है, वहां के शिक्षकों को ड्यूटी से हटाकर दूसरे विद्यालयों में वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. इसी क्रम में अभ्यास मध्य विद्यालय के शिक्षक आनंद को अनुसूचित जनजाति प्राथमिक विद्यालय बरूआरी पश्चिम में वीक्षक के रूप में परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी दी गई है. सदर प्रखंड में कुल 264 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय संचालित हैं, जिनमें वर्ग 1 से 8 तक कुल 52,219 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं. इनमें वर्ग 1 और 2 के 12,627 विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक रूप से ली जा रही है, जबकि वर्ग 3, 4 और 5 के 22,210 तथा वर्ग 6, 7 और 8 के 17,382 विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है.

शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा संचालित करने का निर्देश दिया है. बावजूद इसके कई विद्यालयों में ब्लैकबोर्ड पर प्रश्नपत्र लिखने की नई व्यवस्था को लेकर बच्चों और शिक्षकों दोनों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है.

close