दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाला, पति समेत 15 लोगों पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उससे दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला जंगीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की रहने वाली युवती की शादी वर्ष 2023 में बलिया जिले के गडवार थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी संदीप कुमार गुप्ता से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। पीड़िता के अनुसार शादी के बाद शुरुआती दस दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया।
आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज कम मिलने और बारातियों के स्वागत-सत्कार में कमी का आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित करने लगा। इसके बाद उससे दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसे गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ पंजाब के कपूरथला चली गई थी, जहां वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि एक दिन गुस्से में पति ने उसके पेट में लात मार दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2024 में वह दोबारा गर्भवती हुई और एक बेटी को जन्म दिया। 30 अप्रैल 2025 को पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे बेटी के साथ जालंधर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। आरोपी ने कहा कि जब तक दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन लेकर नहीं आएगी, तब तक घर वापस न आए।
इसके बाद महिला किसी तरह अपने मायके पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवार वालों को दी। परिवार ने ससुराल पक्ष से बातचीत कर मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
अंततः पीड़िता ने अपने पति सहित ससुराल के 15 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










