ईरान से तेल खरीदने की खबरों को रिलायंस ने किया खारिज, बताया पूरी तरह भ्रामक

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने ईरान से कच्चा तेल खरीदने की खबरों को सिरे से नकार दिया है। कंपनी ने साफ कहा है कि इस तरह की सभी रिपोर्ट्स बेबुनियाद और भ्रामक हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि रिलायंस ने ईरान से कच्चा तेल खरीदा है, जो पूरी तरह गलत है। कंपनी ने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच अवश्य करें।
दरअसल, एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रिलायंस ने नेशनल ईरानियन ऑयल कंपनी से करीब 50 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि यह सौदा ब्रेंट फ्यूचर्स से अधिक कीमत पर हुआ और कुछ समय के लिए मिली छूट के तहत इस डील को अंजाम दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, यह छूट उन शिपमेंट्स पर लागू थी जिन्हें 20 मार्च तक लोड किया गया था और 19 अप्रैल तक उनकी डिलीवरी होनी थी। हालांकि, रिलायंस ने इस तरह की किसी भी डील से साफ इनकार करते हुए कहा है कि कंपनी ने ईरान से तेल खरीदने का कोई समझौता नहीं किया है।
कंपनी के इस बयान के बाद तेल खरीद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।









