न अलमारी का ताला टूटा, न बैग अपनी जगह से हटा, ग्वालियर में डॉक्टर दंपती के 25 लाख रुपए गायब

ग्वालियर के नया बाजार स्थित मूंदड़ा नर्सिंग होम में डॉक्टर दंपती के बेडरूम से 25 लाख रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। दरअसल रकम एक बैग में रखी थी जो छोटी अलमारी के अंदर था। जब डॉक्टर ने अलमारी खोली तो ताला सही-सलामत था और बैग भी अपनी जगह रखा था लेकिन उसमें रुपए नहीं मिले। करीब 35 दिन बाद 23 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की।

दरअसल मूंदड़ा नर्सिंग होम की संचालक डॉ. पूजा मूंदड़ा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 18 अगस्त 2026 को शाम करीब 6 बजे बेडरूम में रखी लकड़ी की अलमारी में बैग के अंदर 25 लाख रुपए रखे थे। रकम में 500-500 रुपए के नोटों की 50 गड्डियां थीं। इसके बाद उन्होंने अलमारी में ताला लगा दिया था। करीब एक महीने बाद 19 सितंबर को अलमारी खोलने पर बैग खाली मिला। अलमारी या बैग पर किसी तरह की तोड़फोड़ के निशान नहीं थे।

एक महीने बाद चला पता

वहीं डॉ. पूजा मूंदड़ा ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति डॉ. अंशुमान मूंदड़ा के साथ नया बाजार के हुजरात रोड स्थित नर्सिंग होम की ऊपरी मंजिल पर रहती हैं। 18 अगस्त को उन्होंने बेडरूम के कोने में रखी छोटी लकड़ी की अलमारी में बैग के अंदर नकदी रखी थी। रकम रखने के बाद अलमारी पर छोटा ताला लगा दिया गया था। 19 सितंबर को किसी काम से अलमारी खोली गई तो बैग अपनी जगह था लेकिन उसमें रखे 25 लाख रुपए गायब थे। अलमारी का ताला भी टूटा नहीं था। दंपती के लिए यह बात हैरान करने वाली थी कि इतनी बड़ी रकम गायब हो गई जबकि अलमारी और बैग को बाहर निकाले जाने के निशान नहीं थे।

डॉ. पूजा के मुताबिक अलमारी की चाबी आमतौर पर उनके पास रहती थी। हालांकि कभी-कभी जल्दबाजी में चाबी बेडरूम में ही छूट जाती थी। घटना के बाद दंपती ने अपने स्तर पर पूछताछ शुरू की और अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी। इसके बावजूद उन्हें चोरी से जुड़ा कोई साफ सुराग नहीं मिला।

CCTV फुटेज में नहीं मिला स्पष्ट सुराग

दरअसल डॉ. पूजा मूंदड़ा ने बेडरूम में साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी पर संदेह जताया है। उनके अनुसार उनकी गैरमौजूदगी में महिला कर्मचारी बेडरूम में सफाई करने आती थी। चाबी कभी-कभी कमरे में छूट जाने की वजह से दंपती को शक हुआ। हालांकि अब तक महिला कर्मचारी के चोरी में शामिल होने का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। रुपए गायब मिलने के बाद दंपती ने घर में काम करने वाली महिला से पूछताछ की थी। उसने चोरी की जानकारी होने से इनकार किया। इसके बाद अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई लेकिन बेडरूम की तरफ किसी संदिग्ध के आने-जाने का स्पष्ट सुराग नहीं मिला।

वहीं अपने स्तर पर तलाश और पूछताछ के बाद डॉ. पूजा ने पुलिस से शिकायत की। घटना का पता 19 सितंबर को चला था, जबकि कोतवाली पुलिस ने 23 अक्टूबर को चोरी का मामला दर्ज किया। यानी शिकायत के आधार पर केस दर्ज होने तक करीब 35 दिन का समय बीत चुका था।

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया केस

कोतवाली थाना प्रभारी विनायक करकरे के मुताबिक डॉक्टर दंपती की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अलमारी में बिना तोड़फोड़ के रुपए गायब होने के मामले की जांच कर रही है। इस सिलसिले में आसपास के लोगों और संदेह के घेरे में आई सफाईकर्मी से पूछताछ की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close