विंध्य-बुंदेलखंड को रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात, देवेंद्रनगर-चुरहट के बीच दौड़ी नई मेमू ट्रेन, रेल मंत्री और सीएम ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी

पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। नागौद से देवेंद्रनगर तक रेल सेवा पहुंचने के साथ ही क्षेत्रवासियों का लंबे समय से देखा जा रहा रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार होने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर नई मेमू ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा भी रेल यात्री बने और ट्रेन में सफर किया।

नई रेल सेवा शुरू होने से देवेंद्रनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सतना, रीवा और पन्ना क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होने से यात्रियों को रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। ट्रेन के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात ऐतिहासिक: सीएम 

इस बीच, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात का ऐतिहासिक दिन है। यह रेल परियोजना मध्यप्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लगभग 541 किलोमीटर की परियोजना से इस क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता महसूस कर रहे क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को लगभग 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिला है।

विंध्य एवं बुंदेलखंड के क्षेत्रों को मिलेगी बेहतर रेल कनेक्टिविटी

सीएम ने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं बेहतर होंगी। विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को आवागमन के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे। यह रेल परियोजना पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना सहित विंध्य एवं बुंदेलखंड के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के मध्य संपर्क को भी मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ने विंध्य और बुंदेलखंड के नागरिकों की ओर से रेल परियोजना की सौगात के लिए प्रधानमंत्री मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

आठ कोच की मेमू ट्रेन देवेंद्र नगर से जाएगी चुरहट

जानकारी अनुसार, आठ कोच वाली मेमू ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। रविवार को इसका संचालन नहीं होगा। नियमित रेल सेवा 26 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इस रेल सेवा को ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। नई ट्रेन के देवेंद्रनगर पहुंचने से क्षेत्रवासियों में खुशी देखी गई। लोगों को उम्मीद है कि रेल सेवा के विस्तार से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और देवेंद्रनगर की दूसरे शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। देवेंद्रनगर तक ट्रेन का पहुंचना पन्ना जिले के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब क्षेत्रवासियों को नियमित रेल संचालन शुरू होने का इंतजार है।

इस मौके पर खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि पन्ना जिले के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। क्षेत्र की जनता का सपना था कि पन्ना रेल संपर्क से जुड़े। इसकी शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सपने को साकार करने की दिशा में सौगात दी है। वीडी शर्मा ने इस अवसर पर पन्ना की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। वीडी शर्मा ने बताया कि जल्द ही पन्ना, देवेंद्रनगर, चुरहट और सीधी भी खजुराहो से जुड़ेंगे। इससे बुंदेलखंड के विकास को गति मिलेगी। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से आवागमन आसान होगा और व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close