इंदौर के डबलडेकर ब्रिज पर बुलेट चलाते दिखे कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट ने पीछे बैठकर किया निरीक्षण

इंदौर में लव-कुश डबलडेकर ब्रिज पर शनिवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुलेट चलाते नजर आए। दरअसल बाइक पर उनके पीछे मंत्री तुलसीराम सिलावट बैठे थे। दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था। ब्रिज के निरीक्षण के दौरान विजयवर्गीय ने इसकी खासियतें भी बताईं। करीब 175 करोड़ रुपए की लागत से बने इस फ्लाईओवर की दूसरी भुजा का लोकार्पण 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। पहली भुजा पर जुलाई से यातायात चल रहा है।

दरअसल मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुताबिक लव-कुश ब्रिज मध्य प्रदेश का पहला ऐसा ब्रिज है जहां सड़क के ऊपर फ्लाईओवर और उसके ऊपर मेट्रो ट्रैक की व्यवस्था की गई है। इसके ऊपरी हिस्से में भी फ्लाईओवर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस ब्रिज का निर्माण तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था और इसे तैयार करने के दौरान इंजीनियरों के साथ कई बार चर्चा की गई।

175 करोड़ रुपए की लागत से बना यह फ्लाईओवर

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि करीब 175 करोड़ रुपए की लागत से बना यह फ्लाईओवर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा है। इसके निर्माण में इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) की अहम भूमिका रही है। ब्रिज की बनावट में सड़क यातायात और मेट्रो ट्रैक के लिए अलग-अलग स्तर रखे गए हैं। इस परियोजना को लेकर शनिवार को निरीक्षण के दौरान भी चर्चा हुई। ब्रिज से उज्जैन रोड, सुपर कॉरिडोर, बाणगंगा और एमआर-10 की ओर आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। मंत्री के मुताबिक इंदौर एयरपोर्ट से उज्जैन की कनेक्टिविटी के लिहाज से भी यह मार्ग अहम है। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन आने-जाने वाले लोगों के लिए इस सड़क की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री करेंगे दूसरी भुजा का लोकार्पण

वहीं लव-कुश डबलडेकर फ्लाईओवर की दूसरी भुजा का लोकार्पण 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट लव-कुश चौराहे पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विधायक रमेश मेंदोला, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, आईडीए के सीईओ और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्रियों ने अधिकारियों से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने को कहा। इसमें मंच और डोम तैयार करना, बैठक व्यवस्था, बिजली, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, पेयजल, भोजन, पार्किंग और यातायात प्रबंधन शामिल हैं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई।

वहीं मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 जुलाई 2026 को फ्लाईओवर की पहली भुजा का लोकार्पण किया था। इसके बाद अरबिंदो अस्पताल से बाणगंगा की ओर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। अब दूसरी भुजा शुरू होने के बाद चौराहे पर यातायात के लिए एक और मार्ग उपलब्ध होगा।

सिंहस्थ-2028 के लिए भी अहम रहेगा फ्लाईओवर

बता दें लव-कुश डबलडेकर ब्रिज को सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन की ओर जाने वाले यातायात के लिहाज से अहम बताया जा रहा है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अनुसार इससे आसपास के इलाकों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उज्जैन रोड, सुपर कॉरिडोर, बाणगंगा और एमआर-10 की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी इस मार्ग से फायदा मिलने की उम्मीद है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close