पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, कुरुद में चाकूबाजी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

कुरुद : कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वेंकटेश ध्रुव अपने साथी तोषण सिन्हा के साथ इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास स्थित वर्मा गैरेज के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी अमन चन्द्राकर (29 वर्ष) और मेहुल चन्द्राकर (28 वर्ष) वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की करने लगे। इसी बीच मेहुल चन्द्राकर ने तोषण सिन्हा के पेट पर चाकू से वार कर दिया, वहीं अमन चन्द्राकर ने उसी चाकू से युवक की पीठ और कंधे पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुरुद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर छत्तीसगढ़ ढाबा के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया स्टील का चाकू बरामद किया गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 296, 351(2), 109, और 3(5) (हत्या का प्रयास व अन्य) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। अमन चन्द्राकर के विरुद्ध पूर्व में बालोद और कुरुद में मारपीट व नारकोटिक्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं मेहुल चन्द्राकर भी पूर्व में नशीले पदार्थों की तस्करी और मारपीट के मामलों में संलिप्त रहा है।









