औरंगाबाद : किसान के बेटे ने कर दिखाया कमाल! बिहार बोर्ड में 8वीं रैंक से चमका नाम

औरंगाबाद : जिले के देव प्रखंड के दुलारे पंचायत के वन मंझौली गांव के निवासी किसान बृजमोहन यादव के पुत्र आकाश कुमार ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में पूरे राज्य में आठवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जैसे ही बिहार सरकार द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, टॉपर्स की सूची में आकाश का नाम सामने आते ही स्वजनों में खुशी की लहर दौड़ गई.

आकाश, देव प्रखंड स्थित हाई स्कूल डुमरी का छात्र है. साधारण किसान परिवार से आने वाले आकाश ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बन गया है. परिणाम की जानकारी मिलते ही दुलारे पंचायत के मुखिया सह पक्ष अध्यक्ष विजेंद्र कुमार यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक धनंजय गुप्ता, चंदन कुमार यादव, प्रदीप कुमार, गुड्डू कुमार, अनिल कुमार यादव और समाजसेवी संतोष यादव सहित कई गणमान्य लोग आकाश के घर पहुंचे.

सभी ने मिठाई खिलाकर उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. दुलारे पंचायत के मुखिया विजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि अब हमारा क्षेत्र पिछड़ा नहीं रहा. यहां शिक्षा की ज्योत जल चुकी है. आने वाले समय में हमारे क्षेत्र से और भी प्रतिभाशाली छात्र निकलेंगे, जो देश स्तर पर नाम रोशन करेंगे.

हमारे क्षेत्र का पिछड़ेपन अब शिक्षा से दूर होगा. आकाश की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर मेहनत और दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.

close
Virus-free.www.avast.com