कवर्धा में दर्दनाक हादसा: आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे की मौत, पेड़ के नीचे लिया था सहारा

कवर्धा। कबीरधाम जिला में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का निवासी था। वह पिपरिया थाना क्षेत्र के मिरमिटी गांव में भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, नेन सिंह रोज की तरह अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए वह पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया।

इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बारिश थमने के बाद साथियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़ा होना कितना खतरनाक हो सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com