प्रतापपुर में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर के बाद लगी आग, तीन युवक गंभीर रूप से झुलसे

सूरजपुर: प्रतापपुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घाट पेंडारी के नीचे 11 नंबर के आसपास रात्रि लगभग 10 बजे कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बाइक में अचानक आग लग गई। इस भयावह हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक में सवार तीन युवक—मनीष (28 वर्ष) पिता रघुनंदन, भारत (20 वर्ष) पिता स्वाधीरन एवं अनिल (19 वर्ष) पिता गोरेलाल, निवासी पलढा—एक ही मोटरसाइकिल में सवार होकर तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक की तेल टंकी में घर्षण से तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बाइक आग की लपटों में घिर गई।
आग की तेज लपटों ने बाइक सवार युवकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। तीनों युवक बुरी तरह झुलस गए, उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलन और चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना दर्दनाक था कि घटनास्थल का दृश्य देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। कुछ समय के लिए तो यह आशंका भी जताई जाने लगी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने घायलों को देर न करते हुए पिकअप वाहन के माध्यम से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया।
अस्पताल में बीएमओ डॉ. अजीत दीवान सहित चिकित्सकों की टीम तत्काल सक्रिय हो गई और घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने तीनों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
हादसे के बाद बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वहीं कार चालक घटना के बाद मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, जिसे ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि वाहन में मिले दस्तावेजों के आधार पर कार बैढ़न क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रेवटी पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस भीषण हादसे के कारण मार्ग पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









