कार्तिक मास में नर्मदा के घाटों पर आस्था की डुबकी लगा रहे श्रद्धालु, दान-पुण्य का सिलसिला जारी


कार्तिक मास की शुरुआत के साथ ही स्नान दान का दौर शुरू हो गया है। श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान करने के लिए पहुंच रहे हैं। अमरकंटक जिसे नर्मदा का उद्गम स्थल कहा जाता है। वहां भी श्रद्धालु धार्मिक परंपराओं को निभाने पहुंच रहे हैं।
अमरकंटक के स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज से आए लोगों को नर्मदा के विभिन्न घाटों पर स्नान करते हुए देखा जा रहा है। स्नान दान करने के साथ श्रद्धालु नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचकर दर्शन पूजन भी कर रहे हैं।
कार्तिक में बढ़ गई भीड़
कार्तिक के महीने में धार्मिक नगरियों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिलती है। अमरकंटक में भी श्रद्धालु माता नर्मदा का पूजन अर्चन कर सुख समृद्धि और कल्याण की कामना कर रहे हैं। इस दौरान दान का भी विशेष महत्व देखने को मिल रहा है। लोग गरीबों और जरूरतमंदों को दान दे रहे हैं।
प्रसिद्ध है अमरकंटक
अमरकंटक को नर्मदा नदी के उद्गम स्थल के रूप में पहचाना जाता है। यही वजह है कि इस स्थान का धार्मिक महत्व काफी ज्यादा है। ऐसे में जब भी कोई त्यौहार होता है तब बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आकर मोक्षदायिनी मां नर्मदा की पूजा अर्चना करते हैं।
कार्तिक महीने का है विशेष महत्व
हिंदू धर्म में कार्तिक के महीने का विशेष महत्व माना गया है। ये बहुत पवित्र और पुण्यदायी महीना है। इस दौरान भगवान विष्णु और शिव की आराधना विशेष फलदायी मानी गई है। वहीं स्नान, दान, जप तप और दीपदान भी विशेष तौर पर किया जाता है।











