भोपाल VIP रोड पर RGPV छात्रों से भरी बस हादसे का शिकार, डिवाइडर और खंभे से टकराई


राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच वीआईपी रोड पर आरजीपीवी के विद्यार्थियों को ले जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। डिवाइडर से टकराने के बाद बस पास ही लगे एक बिजली के खंभे से जा लगी, जिससे उसे सपोर्ट मिल गया और वह सड़क पर पलटने से बाल-बाल बच गई। इस अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में बस में सवार विद्यार्थियों और स्टाफ के सदस्यों सहित करीब 10 से 11 लोग घायल हो गए हैं। गनीमत यह रही कि खंभे का सहारा मिलने के कारण बस पलटी नहीं वरना एक बड़ा और गंभीर जनहासा हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह बस सुबह के वक्त विद्यार्थियों को लेकर कॉलेज जा रही थी। वीआईपी रोड पर बने घुमावदार मोड़ के पास बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि हड़बड़ी और तेज गति के चलते बस का अगला हिस्सा सीधे डिवाइडर पर चढ़ गया और अनियंत्रित होकर खंभे से जा भिड़ी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बस के दरवाजों को खोलकर उसमें फंसे डरे-सहमे विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में मुख्य कारण वाहन की तेज गति और लापरवाही सामने आ रहा है।
हमीदिया अस्पताल में चल रहा है घायलों का इलाज
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों और बस स्टाफ को तुरंत इलाज के लिए राजधानी के बड़े हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की देखरेख में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार घायलों में कुछ विद्यार्थियों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आए हैं, जबकि अन्य को मामूली खरोंचें और हल्की चोटें लगी हैं। घायलों की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस अब बस के दस्तावेजों, चालक की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।











