9 चौके-छक्के… वानखेडे में रजत पाटीदार का तूफानी अर्धशतक, लेकिन नहीं टूटा वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड


Rajat Patidar vs MI: आईपीएल 2026 के 20वें मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) से हुआ. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने शानदार शुरुआत की और बोर्ड पर एक बड़ा स्कोर खड़ा किया. आरसीबी की पारी की नींव विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने मजबूत रखी. दोनों ने दमदार अर्धशतक लगाए. लेकिन पारी के असली हीरो कप्तान रजत पाटीदार रहे. क्रीज पर आते ही उन्होंने चौकों-छक्कों की बौछार शुरू कर दी.
रजत पाटीदार ने ठोका तूफानी अर्धशतक
रजत पाटीदार ने इस मुकाबले में तीसरे नंबर पर खेलते हुए 20 गेंदों पर 53 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. उनकी स्ट्राइक रेट 265.00 की रही. सबसे खास बात यह कि उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. पारी के दौरान एक समय लग रहा था कि रजत पाटीदार आईपीएल 2026 का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, लेकिन आखिरी कुछ गेंदों में रनों की गति थोड़ी धीमी पड़ गई. मौजूदा सीजन में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम है, जिन्होंने दो बार सिर्फ 15-15 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी है.
रजत पाटीदार भले ही वैभव सूर्यवंशी को पीछे नहीं छोड़ सके, लेकिन उनकी कप्तानी वाली पारी ने आरसीबी को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. विराट कोहली, फिल सॉल्ट और पाटीदार ने मिलकर मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं.
कोहली-सॉल्ट ने भी ठोके अर्धशतक
रजत पाटीदार से पहले विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने भी दमदार अर्धशतक लगाए. फिल सॉल्ट ने सिर्फ 36 गेंदों पर 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. वहीं, विराट कोहली ने 30 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. इस दौरान दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में 120 रन जोड़े.











