शिवपुरी से महाराष्ट्र जा रहा मूंगफली से भरा ट्रक जब्त, जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर की गई कार्रवाई

शिवपुरी में तहसीलदार प्रदीप भार्गव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में मूंगफली से भरा हुआ एक ट्रक जब्त किया गया है। जिले के कोलारस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एनएच 46 बाईपास पर अन्नपूर्णा होटल के पास ये कार्रवाई की गई। जब्त किए गए ट्रक से 300 क्विंटल मूंगफली बरामद हुई है।

बता दें कि जो ट्रक पकड़ा गया है उसके अंदर 600 बोरियां लदी हुई थी। जब जांच पड़ताल के दौरान चालक से मूंगफली के परिवहन से जुड़े मंडी टैक्स और गेट पास जैसे जरूरी दस्तावेज मांगे गए तो वह मौजूद नहीं थे। ऐसे में ट्रक में भरा हुआ माल बरामद कर लिया गया।

मंडी बोर्ड को सौंपा माल

तहसीलदार के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जब चालक से दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं होने की वजह से यह कार्रवाई की गई है। ये आशंका जताई जा रही है कि शायद इतनी मात्रा में मूंगफली अवैध तरीके से भेजी जा रही थी। इस मामले में मंडी टैक्स की चोरी की आशंका जताई जा रही है।

जब्त किया हुआ ट्रक और मूंगफली कोलारस मंडी बोर्ड को सौंपा गया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। अब दस्तावेजों की कमी के चलते की गई इस कार्रवाई से जुड़ी असली जानकारी जांच पड़ताल के बाद ही सामने आ सकेगी।

महाराष्ट्र जा रहा था ट्रक

बता दें कि 300 क्विंटल मूंगफली लेकर शिवपुरी से निकाला यह ट्रक महाराष्ट्र के सांवली जा रहा था। जब चालक से इस संबंध में पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अंकेश पाल बताया। उसने यह जानकारी दी की मूंगफली करेरा की बाबू साहू की फर्म से भेजी जा रही थी। ट्रक का मालिक राकेश गुप्ता है जो शिवपुरी का ही निवासी है। अब संबंधित लोगों से पूछताछ कर इस मामले के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close