वैभव सूर्यवंशी का शतक गया बेकार, 228 रन बनाकर भी हारी RR, हैदराबाद ने मारी बाजी


IPL 2026, RR vs SRH: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 36वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन बनाए, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने इस टारगेट को 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस सीजन जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रॉयल्स का ये पहला मुकाबला था, लेकिन वह बड़ा टारगेट भी नहीं बचा सकी.
वैभव सूर्यवंशी के दम पर RR ने बनाया बड़ा स्कोर
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. राजस्थान रॉयल्स की पारी की शुरुआत युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने की, जिन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 12 छक्के लगाए, स्ट्राइक रेट भी 278.37 रहा. वहीं, ध्रुव जुरेल ने 35 गेंदों पर 51 रन बनाए. इनके अलावा डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों पर 33 रन का उपयोगी योगदान दिया. लेकिन यशस्वी जायसवाल सिर्फ 10 रन बना सके.
सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए. उनके अलावा प्रफुल हिंगे, पैट कमिंस, सकीब हुसैन और नितीश कुमार रेड्डी को 1-1 विकेट मिला.
ईशान-अभिषेक की तूफानी पारियां
जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की चेजिंग काफी आक्रामक रही. ईशान किशन ने 31 गेंदों पर 74 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के देखने को मिले. वहीं, अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों पर 57 रन बनाए. दोनों के बीच दूसरी विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी ने मैच का रुख तय कर दिया. इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी ने 18 गेंदों पर 36 रन ठोके और हेनरिक क्लासेन ने 29 रन बनाए. जिसके चलते हैदराबाद ने 18.3 ओवर में ही इस बड़े टोटल को हासिल कर लिया. राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा को 2-2 विकेट मिले, लेकिन SRH के बल्लेबाजों ने आसानी से मैच अपने नाम किया.











