Rohit Sharma: रोहित की 21 दिन बाद विस्फोटक वापसी, 7 छक्के उड़ाकर खेली तूफानी पारी, रचा ये इतिहास


मुंबई इंडियंस के स्टार ओपनर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने विस्फोटक अंदाज में टीम में वापसी की है. चोट के कारण IPL 2026 के बीच में ही कई मुकाबलों से बाहर बैठने वाले रोहित आखिरकार टीम में लौट आए और आते ही तूफानी अर्धशतक ठोक दिया. मुंबई के अपने होम ग्राउंड वानखेडे स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रोहित ने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया. अपनी पारी में रोहित ने लंबे-लंबे छक्के जड़कर वही अंदाज दिखाया, जिसके लिए वो जाने जाते हैं.
सोमवार 4 मई को खेले गए इस मुकाबले के साथ रोहित की टीम में वापसी हुई. इससे पहले रोहित शर्मा ने अपना पिछला मैच 21 दिन पहले 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला था. वो मैच भी वानखेडे में ही था और तब अपने फैंस के सामने रोहित शर्मा को बैटिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण रिटायर होकर लौटना पड़ा था. इस चोट के चलते रोहित अगले लगातार 5 मैच तक बाहर रहे और उनकी कमी मुंबई की बैटिंग में नजर आई.
वापसी पर रोहित ने की छक्कों की बारिश
मगर जब मुंबई टूर्नामेंट से लगभग बाहर होने की कगार पर थी, तब रोहित की टीम में वापसी हुई और साथ ही वापसी हुई ‘हिटमैन’ के तूफान की. ओपनिंग में उतरे रोहित ने आते ही चौके-छक्के बरसाने शुरू कर दिए और एक-एक कर लखनऊ के हर गेंदबाज को निशाने पर लिया. देखते ही देखते रोहित ने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. ये IPL 2026 में उनका दूसरा ही अर्धशतक था.
यहां तक पहुंचने में ही रोहित ने 5 छक्के और 3 चौके ठोक दिए थे. उनका पिछला अर्धशतक सीजन के पहले मैच में कोलकाता के खिलाफ आया था. हालांकि रोहित अपने शतक के बेहद करीब आकर आउट हो गए. उन्हें 14वें ओवर में स्पिनर मनिमारन सिद्धार्थ ने आउट किया. मगर तब तक उनके बल्ले से सिर्फ 44 गेंदों में 84 रन निकल चुके थे, जिसमें 7 छक्के और 6 चौके शामिल थे.
रिकल्टन के साथ मिलकर रचा इतिहास
इतना ही नहीं रोहित ने इस दौरान अपने ओपनिंग पार्टनर रायन रिकल्टन के साथ मिलकर सिर्फ 10.5 ओवर में 143 रन की यादगार साझेदारी कर डाली. इन दोनों के बीच IPL में ये तीसरी शतकीय ओपनिंग साझेदारी थी. इसके साथ ही रोहित और रिकल्टन ने मुंबई के लिए सबसे ज्यादा सेंचुरी ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले ये रिकॉर्ड पार्थिव पटेल और लेंडल सिमंस के नाम था, जिन्होंने 2 बार ऐसी साझेदारी की थी.











