कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अजय सिंह की नसीहत, इस बार चूके तो 25 साल हो जायेंगे सत्ता से बाहर हुए कोई पूछेगा नहीं, मेरा तेरा नहीं एकजुट होकर चुनाव लड़ें


मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भले ही अभी समय है लेकिन कांग्रेस इस बार अभी से पूरी ताकत झोंक रही है, पार्टी एक वरिष्ठ नेता लगातार दौरे कर रहे हैं, जनता के बीच जाकर प्रदेश की भाजपा सरकार की नाकामियां गिना रहे हैं, कर्ज, बेरोजगारी, महंगाई, अवैध शराब, भ्रष्टाचार जैसे कई मुद्दों पर सरकार को घेर रहे हैं और साथ ही संगठन में एकता बनाए रखने पर भी जोर दे रहे हैं, वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल भैया इसी क्रम में आज सिंगरौली दौरे पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी।
मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव महत्वपूर्ण चुनौती है। यदि इस बार भी कांग्रेस सत्ता में वापसी करने में चूक गई, तो भविष्य में पार्टी के सामने मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इसलिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती के लिए काम करना होगा।
अजय सिंह ने दिया जमीनी स्तर पर सक्रिय होने का संदेश
मीडिया से बात करते हुए अजय सिंह ने संगठन की मौजूदा स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा कि कांग्रेस को चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभी से जमीनी स्तर पर सक्रिय होना होगा। केवल चुनाव के समय सक्रिय होने से अपेक्षित परिणाम हासिल करना मुश्किल हो सकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना होगा और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाना होगा।
मेरा तेरा से ऊपर उठाना होगा, हार गए तो कोई पूछेगा भी नहीं
वरिष्ठ नेता ने कहा मैं अब तक 50 जिलों में घूम चुका हूँ और सभी से एक ही बात कह रहा हूँ अबकी बार चुके तो बहुत मुश्किल होगी , 2028 में 25 साल हो जायेंगे सत्ता से बाहर हुए फिर कोई पूछेगा भी नहीं इसलिए मेरा तेरा छोड़ना होगा जिसे टिकट मिले वो कांग्रेस का प्रत्याशी होगा सबको उस एजिताने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।
विस्थापित परिवारों की समस्याओं पर जताई चिंता
सिंगरौली जिले में कोयला खदानों और औद्योगिक परियोजनाओं से प्रभावित विस्थापित परिवारों की समस्याओं से जुड़े सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि विस्थापित परिवारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर सिंगरौली के विस्थापित परिवारों की समस्याओं के निराकरण और उन्हें राहत दिलाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किए जाएंगे।
सेवादल प्रशिक्षण अभियान का किया शुभारंभ
बता दें, वरिष्ठ नेता अजय सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर सिंगरौली पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस सेवादल के विशेष प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ भी किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली के सेवादल कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, उन्होंने प्रशिक्षण अभियान को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, कार्यकर्ताओं को अनुशासन, संगठन के प्रति जिम्मेदारी और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाना चाहिए। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को संगठित करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने में मदद मिलेगी।
राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट











