खंडवा में यातायात पुलिस की अनूठी पहल, “हेलमेट बैंक” का शुभारंभ, सड़क सुरक्षा पर खास जोर

सड़क दुर्घटनाओं पर काबू पाने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के लिए खंडवा यातायात पुलिस ने खास पहल की है। कहारवाड़ी चौक पर ‘हेलमेट बैंक’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के जरिए जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट उपलब्ध करवाया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही सड़क पर सफर को अधिक सुरक्षित बनाना है।

हेलमेट बैंक की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अगम जैन, यातायात डीएसपी अनिल कुमार राय एवं यातायात प्रभारी वीरेंद्र सिंह परिहार की मौजूदगी में की गई। यातायात पुलिस की इस पहल को सड़क सुरक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

चालान से आगे बढ़कर सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर

अक्सर देखा जाता है कि कुछ दो पहिया चालक दूरी का हवाला देकर या जल्दबाजी में बिना हेलमेट के ही सड़क पर निकल जाते हैं। लेकिन हेलमेट का इस्तेमाल केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी और परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने का भी माध्यम है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने हेलमेट बैंक की शुरुआत की है।

इसका उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वयं सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। निशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराने के माध्यम से पुलिस यह संदेश देना चाहती है कि सुरक्षा के लिए जागरूकता और सहयोग, दोनों जरूरी हैं।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यातायात पुलिस का मानना है कि जब लोग स्वयं अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होंगे, तभी सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने में प्रभावी मदद मिल सकेगी। अगम जैन का कहना है कि हेलमेट बैंक के जरिए लोगों को यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि हेलमेट पुलिस के चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है।

यातायात पुलिस की अपील- हेलमेट पहनें, सुरक्षित घर पहुंचें

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा निर्धारित मानकों वाला हेलमेट पहनें और उसे सही तरीके से स्ट्रैप लगाकर सुरक्षित करें। वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने की आदत अपनानी चाहिए। तेज गति, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से बचना भी जरूरी है।

खंडवा से सुशील विधाणी की रिपोर्ट

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close