नीमच में पुलिसकर्मी पर डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप, सब्जी विक्रेता ने SP से लगाई गुहार, जानिए क्या है पूरा मामला?


नीमच जिले में नयागांव चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के खिलाफ अवैध वसूली और धमकी देने की शिकायत सामने आई है। दरअसल नयागांव के मेन चौराहे पर सब्जी का ठेला लगाने वाले मुकेश खटीक ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी ने उसे एक आपराधिक मामले में नाम आने का डर दिखाया। पीड़ित का कहना है कि उसने पहले स्थानीय थाने में भी शिकायत की थी लेकिन सुनवाई नहीं होने पर अब एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल नयागांव तहसील जावद निवासी 40 वर्षीय मुकेश खटीक पिता रोडीलाल ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि वह सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का खर्च चलाता है। उनके मुताबिक नयागांव चौकी पर पदस्थ पुलिसकर्मी रविन्द्र जगावत बार-बार फोन करके और घर आकर उसे धमकाता था। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने मुकेश से कहा कि उसका नाम धारा 307 के तहत दर्ज एक एफआईआर में शामिल है और उसे जेल भेजा जा सकता है।
पुलिसकर्मी ने डेढ़ लाख रुपये की मांग की
वहीं मुकेश खटीक ने शिकायत में कहा कि जिस घटना में उसका नाम शामिल होने की बात कही जा रही थी उस समय वह मनासा में मौजूद था। उसका दावा है कि उसका किसी से विवाद नहीं हुआ था और न ही उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज था। इसके बावजूद उसे एफआईआर से नाम हटवाने और जेल जाने से बचाने के नाम पर पैसे देने के लिए कहा गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने डेढ़ लाख रुपये की मांग की और दबाव बनाकर उससे 4 हजार रुपये ले लिए। ये सभी आरोप शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में लगाए हैं।
जिला बदर कराने की धमकी का भी आरोप
दरअसल मुकेश खटीक ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी कई बार उसके ठेले पर आता था और मुफ्त में सब्जी लेकर चला जाता था। पीड़ित के मुताबिक पुलिसकर्मी उसे जिला बदर करवाने की धमकी भी देता था। उसका आरोप है कि इस मामले में किसी दूसरे व्यक्ति को बताने या थाने में शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की बात कही जाती थी। मुकेश का कहना है कि इन धमकियों के कारण वह परेशान था और उसे अपने परिवार के साथ-साथ रोजी-रोटी की भी चिंता थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने पहले नयागांव पुलिस थाने में आवेदन देकर अपनी बात रखी थी। लेकिन वहां से सुनवाई नहीं होने पर उसने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शपथ पत्र और लिखित शिकायत जमा की। अब उसने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कमलेश सारड़ा, नीमच











