उज्जैन पुलिस का सुगम यातायात अभियान, नो पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया, वसूला टोइंग शुल्क


त्योहारों के चलते शहर के बाजार में भीड़भाड़ काफी ज्यादा देखने को मिल रही है। इसी बीच पुलिस और प्रशासन लगातार यातायात के सुचारू संचालन को लेकर अभियान चला रहा है। नागरिकों को आने जाने में किसी तरह की परेशानी ना हो और आवागमन बाधित ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उज्जैन पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे सुगम यातायात अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई देखने को मिली। यातायात पुलिस ने उन वाहनों पर कार्रवाई की है जिन्हें नो पार्किंग में खड़ा किया गया था। इसके बाद वाहन मालिकों से शुल्क भी लिया गया है।
क्रेन से हटाए नो पार्किंग में खड़े वाहन
यातायात पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई में 49 वाहनों को नो पार्किंग जोन से कब्जे में लिया। इन सभी को टोइंग क्रेन की सहायता से मौके से हटाया गया। इस कार्रवाई के बाद अपने वाहनों को छुड़ाने पहुंचे वाहन मालिकों से टोइंग शुल्क भी वसूला गया।
उज्जैन पुलिस की सख्ती!
🔹 नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई। क्रेन की मदद से हटाए गए 49 वाहन, वसूला गया टोइंग शुल्क।
🔹यातायात बाधित करने वालों पर प्रतिदिन होगी कार्रवाई। यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें। https://t.co/QfD1UprZX8— SP UJJAIN (@sp_ujjain) October 28, 2026
यातायात सुगम बनाना लक्ष्य
आम नागरिकों को आने जाने के दौरान व्यवस्थित रास्ता मिल सके। किसी भी तरह की परेशानी ना हो ये सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। शहर में जहां भी नो पार्किंग में वाहन खड़े नजर आ रहे हैं, उन्हें हटाकर आवागमन सुगम बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यातायात बाधित करने वालों पर इस तरह की कार्रवाई रोजाना जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करने की अपील की है।











