चक्रवात अर्नब का असर, रायपुर-कोरिया समेत छत्तीसगढ़ के इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी, कलेक्टर का आदेश जारी


बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ मे गुरुवार को कई जिलों में भारी बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं जिला प्रशासन ने भी छात्रों की सुरक्षा को नजर में रखते हुए कुछ जिलों के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 29 अक्टूबर की छुट्टी घोषित कर दी है।
बता दें कि चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के अधिकार दिए हैं। इसी के बाद जिला प्रशासन द्वारा कई जिलों में अवकाश घोषित किया गया है।
छत्तीसगढ़ के इन जिलों में आज अवकाश घोषित
कांकेर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, हाई स्कूल और हायर सेकंडरी विद्यालयों में 29 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
रायगढ़ जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में गुरुवार को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन पर छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने छुट्टी घोषित की है। आदेश के तहत जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय बंद रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
साथ ही बिलासपुर जिले के सभी विद्यालों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में आज अवकाश रहेगा। महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने भी 29 अक्टूबर को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में एक दिवस का अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
इसके अलावा बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा, कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव और बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर भी जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाई और हायर सेकण्डरी विद्यालयों मे आज एक दिवस का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, गरियाबंद, जगदलपुर, बस्तर, सुकमा और दुर्ग में भी समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी रहेगी।
7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और सुकमा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।











