गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में सराफा कारोबारी हत्याकांड पर बढ़ा आक्रोश, CBI जांच की मांग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या के छह दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में कार्रवाई की धीमी रफ्तार को लेकर पीड़ित परिवार और व्यापारियों में भारी नाराजगी है। इसी बीच छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में पीड़ित परिवार ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई।

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कलेक्टर कार्यालय पहुंचे परिजनों ने ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिलना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

बेटी बोली- कातिलों का हो एनकाउंटर

मृतक प्रदीप सोनी की बेटी ने प्रशासन के सामने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उसके पिता के हत्यारों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उसने मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बेटी ने यहां तक कहा कि कातिलों का तत्काल एनकाउंटर किया जाना चाहिए।

व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

ज्ञापन के माध्यम से साप्ताहिक और ग्रामीण बाजारों में कारोबार करने वाले सराफा व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। परिजनों और व्यापारियों ने मांग की कि ऐसे कारोबारियों को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

शस्त्र लाइसेंस देने की मांग

पीड़ित परिवार ने बढ़ते अपराध और भय के माहौल का हवाला देते हुए व्यापारियों को आत्मरक्षा के लिए प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। उनका कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

अमित जोगी ने दी आंदोलन की चेतावनी

इस दौरान अमित जोगी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई और मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी को नहीं सौंपी गई, तो न्याय की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com