ओडिशा से MP जा रही 300 किलो गांजा की खेप पकड़ी गई, दो लग्जरी कारों समेत करोड़ों की संपत्ति जब्त

रायगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन समेत कुल करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा दो वाहनों में भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।
कटकलिया मार्ग पर पकड़ी गई तस्करी की खेप
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने कटकलिया मार्ग पर एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच में इनोवा वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वाहन सवार निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य की तलाशी ली गई।
वाहनों से मिला 300 किलो गांजा
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों कारें और पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए हैं।
1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजा, दो लग्जरी वाहनों और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह हाल के समय में जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की जांच
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीमों को सरगुजा और अनूपपुर रवाना किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।











