पत्नी और साले पर संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप, दोनों गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

व्यवसायी ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उसकी नकदी और संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई। मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।

सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से जुड़े व्यवसाय का संचालन करता है। व्यवसाय से होने वाली आय वह सुरक्षित रखने के लिए अपनी पत्नी को सौंपता था। वर्ष 2014 में रकम कम होने का संदेह होने पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए।आरोप है कि कैमरों की फुटेज में पत्नी को आलमारी से पैसे निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया। जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खातों में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला, जबकि उसके पास कोई नियमित रोजगार नहीं था।

मुआवजा मिलने वाली जमीन पत्नी के नाम कराने का आरोप

व्यवसायी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में ऐसी जमीन खरीदने की योजना बनाई थी, जहां भविष्य में अधिग्रहण होने पर करोड़ों रुपये के मुआवजे और नौकरी मिलने की संभावना थी। इसी का लाभ उठाते हुए आरोपियों ने दबाव बनाकर लगभग 13.50 लाख रुपये मूल्य की जमीन पत्नी के नाम रजिस्ट्री करा ली।शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद उसकी अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने की नीयत से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

जांच में सही पाए गए आरोप

एसडीओपी की विस्तृत जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने एक राय होकर शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और उसकी संपत्ति से अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर घरघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।

पत्नी और साला गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 जून को आरोपी सीमा बघेल (41) और कृष्ण कुमार यादव (39) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com