कितनी बदल गई टीम इंडिया? नहीं खेलेंगे ये 10 खिलाड़ी, ऐसी थी पिछले टेस्ट की प्लेइंग XI

टेस्ट क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान दूसरी बार आमने-सामने होने जा रहे हैं. दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट साल 2018 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला गया था, जिसे भारत ने पारी और 262 रन के बड़े अंतर से जीता था. अब जब दूसरी बार दोनों टीमें न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर टकराने वाले हैं तो भी टीम इंडिया का ही पलड़ा भारी है. भारत-अफगानिस्तान में पहले और होने वाले दूसरे टेस्ट के बीच 8 साल बीत चुके हैं. सवाल है इस दौरान कितनी बदल गई है टीम इंडिया? यहां बदलाव से मतलब प्लेइंग इलेवन में खेलने वाले खिलाड़ियों से जुड़ी है.

पिछले और इस बार के टेस्ट में केएल राहुल कॉमन
अफगानिस्तान के खिलाफ पहली बार खेले टेस्ट में टीम इंडिया की जो प्लेइंग इलेवन खेली थी, उसके 11 में से 10 खिलाड़ी इस बार प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे. पिछली प्लेइंग इलेवन में से सिर्फ एक केएल राहुल ही हैं, जो इस बार खेलते नजर आएंगे. केएल राहुल भारत की मौजूदा टेस्ट टीम के उप-कप्तान भी हैं.
आइए जरा एक नजर डालते हैं अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले टेस्ट में खेलने वाली प्लेइंग इलेवन पर और जानते हैं कि उनमें से वो 10 खिलाड़ी कौन हैं, जो इस बार टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे?

इस बार नहीं खेलेंगे ये 10 खिलाड़ी

अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में से मुरली विजय, शिखर धवन, दिनेश कार्तिक और आर, अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. वहीं पुजारा, रहाणे, ईशांत और उमेश ने रिटायरमेंट की घोषणा तो नहीं की लेकिन वे लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट से दूर हैं. रवींद्र जडेजा को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से आराम दिया गया है. वहीं हार्दिक पंड्या ने बहुत पहले ही अपनी फिटनेस के चलते टेस्ट क्रिकेट से दूरी बना ली है.

पिछले टेस्ट के 10 खिलाड़ियों की जगह लेगा कौन?

अब सवाल है कि इस बार कौन से वो खिलाड़ी होंगे जो प्लेइंग इलेवन में उन 10 खिलाड़ियों की जगह लेते दिखेंगे, जो पिछले टेस्ट में खेले थे. जिनके नाम सामने आने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू हो रहे टेस्ट मैच की संभावित प्लेइंग इलेवन का भी पता चलता दिखेगा.

शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग में मुरली विजय और शिखर धवन को रिप्लेस करते दिखेंगे. केएल राहुल की जगह टीम में पिछली बार की तरह इस बार भी पक्की होगी. सिर्फ उनकी बैटिंग पोजिशन में बदलाव दिख सकता है.इसकी पूरी उम्मीद लग रही है कि पुजारा की जगह इस बार साई सुदर्शन नंबर 3 पर बैटिंग करते दिखेंगे. वहीं रहाणे की जगह पडिक्कल को मौका मिल सकता हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर दिनेश कार्तिक की जगह इस बार के प्लेइंग इलेलन में ऋषभ पंत का आना तय है.

बतौर ऑलराउंडर इस बार अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में हार्दिक पंड्या की जगह नीतीश कुमार रेड्डी खेलते दिखेंगे. अश्विन की जगह वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा को हर्ष दुबे अपना डेब्यू करते हुए रिप्लेस कर सकते हैं. तेज गेंदबाजी में ईशांत शर्मा और उमेश यादव की जगह इस बार की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा लेते दिख सकते हैं. हालांकि, सिराज की फिटनेस पर अभी सस्पेंस है. ऐसे में अगर वो अनफिट रहते हैं तो फिर गुरनूर ब्रार डेब्यू कर सकते हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com