सूरजपुर में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 6 बाइक और 5 टिपर जब्त

सूरजपुर। प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कोयला और रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त कई वाहनों को जब्त कर उनके मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के सुशासन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संकल्प के अनुरूप की गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर चला विशेष जांच अभियान

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार खनिज विभाग, जिला स्तरीय टास्कफोर्स और खनिज अमला लगातार खनन प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में 7 जून को तहसील सूरजपुर के ग्राम पचिरा-मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

6 मोटरसाइकिलों से 5 टन कोयला जब्त

जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों से करीब 5 टन कोयला बरामद किया गया। जब्त कोयले को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना सूरजपुर में रखा गया है।

रेत के अवैध परिवहन में 3 टिपरों पर कार्रवाई

खनिज विभाग ने ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 3 टिपर वाहनों के मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

औचक निरीक्षण में 2 और टिपर जब्त

8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे 2 और टिपर वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों और खनिज सामग्री को पुलिस थाना जयनगर के सुपुर्द कर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com