AI और नए वित्तीय उत्पादों पर बड़ा दांव, पेटीएम करेगा 4,000 नई भर्तियां

नई दिल्ली। देश की प्रमुख डिजिटल भुगतान और फिनटेक कंपनी Paytm ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नए वित्तीय उत्पादों के विस्तार के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अगले नौ महीनों में करीब 4,000 नए कर्मचारियों की भर्ती करने की घोषणा की है। हालांकि, प्रदर्शन मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग 400 कर्मचारियों की छंटनी भी की जाएगी।

AI और टेक्नोलॉजी टीमों में बढ़ेगा निवेश

कंपनी के अनुसार मार्च 2027 तक भर्ती अभियान जारी रहेगा। पिछले दो महीनों में ही 800 से अधिक लोगों को नौकरी दी जा चुकी है, जबकि अब 4,000 अतिरिक्त कर्मचारियों को जोड़ने की तैयारी चल रही है।नई भर्तियां प्रोडक्ट डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वरिष्ठ नेतृत्व से जुड़ी टीमों में की जाएंगी। कंपनी का लक्ष्य अपने मर्चेंट नेटवर्क को मजबूत करना और AI आधारित सेवाओं का विस्तार करना है। वर्तमान में पेटीएम के पास करीब 40,000 कर्मचारी हैं और नई भर्तियों के बाद कर्मचारियों की संख्या में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदर्शन मूल्यांकन के बाद 400 कर्मचारियों की होगी विदाई

भर्ती के साथ-साथ कंपनी कुछ पदों में कटौती भी करेगी। कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, मौजूदा परफॉर्मेंस अप्रेजल सायकल पूरा होने के बाद करीब 1 प्रतिशत कर्मचारियों यानी लगभग 400 लोगों को हटाया जाएगा।गौरतलब है कि इससे पहले भी कंपनी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या कम कर चुकी है। भारतीय रिजर्व बैंक की कार्रवाई के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक के कारोबार पर असर पड़ा था, जिसके चलते समूह ने 4,500 से अधिक नौकरियां घटाई थीं। बैंकिंग यूनिट के शेष कर्मचारियों को भी बैंक बंद होने की प्रक्रिया के तहत हटाया जा सकता है, जबकि कुछ को समूह की अन्य इकाइयों में समायोजित किया जाएगा।

मुनाफे की राह पर लौटी कंपनी

पिछले कुछ वर्षों की चुनौतियों के बाद पेटीएम अब लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। कंपनी लगातार चार तिमाहियों से मुनाफा दर्ज कर चुकी है। कंपनी के सीईओ Vijay Shekhar Sharma अब करोड़ों रजिस्टर्ड यूजर्स को लोन, निवेश और अन्य वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

मोबाइल रिचार्ज से फिनटेक दिग्गज बनने तक का सफर

वर्ष 2010 में शुरू हुई पेटीएम ने शुरुआत मोबाइल रिचार्ज प्लेटफॉर्म के रूप में की थी। इसके बाद कंपनी ने डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से विस्तार किया। साल 2021 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई कंपनी के शेयर पिछले एक साल में करीब 7 प्रतिशत बढ़े हैं, हालांकि वे अब भी अपने आईपीओ मूल्य से 50 प्रतिशत से अधिक नीचे कारोबार कर रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com