आक्रांताओं के लिए राम की धरती ‘धर्मशाला’ नहीं… लव जिहाद के खिलाफ उठाए सख्त कदम, लखनऊ में बोले सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित नौ दिवसीय ‘श्री राम कथा महोत्सव’ में जगद्गुरु रामभद्राचार्य की उपस्थिति में एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भारत की धरती बाहर से आए हमलावरों की नहीं हो सकती. ये धरती भारत के प्रति आस्था रखने वालों की है. सीएम योगी ने कहा कि जो भारत के प्रति आस्था नहीं रखते. जिन्हें संस्कारों का सम्मान नहीं करना आता. ऐसे लोगों के लिए हम भारत की धरती को धर्मशाला नहीं बनने देंगे.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामभद्राचार्य की कथा में कहा कि भगवान राम सभी को जोड़ने का काम करते हैं. फिर भी राम भक्तों को भगवान राम मंदिर बनाने में 500 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा. इन 500 सालों का दर्द सिर्फ एक सच्चा रामभक्त ही समझ सकता है. जिसके लिए उन्होंने एक लंबी अवधि तक संघर्ष किया है. उन्होंने कहा कि हर युग में नकारात्मक ताकतें आएंगी जो भगवान राम और उनके भक्तों के बीच दीवार बनकर खड़ी रहेंगी. लेकिन हमें अब पहले से ही तैयार रहना होगा और इस तरह की दीवार को बनाने वालों को राम की धरती से दूर खदेड़ देना है.

राम मंदिर से नफरत करने वालों ने मंदिरों को तोड़ा

सीएम योगी ने कहा कि बीते जमाने में जब-जब राम मंदिर से नफरत करने वालों का राज आया, उन्होंने तब-तब मंदिरों को नेस्तानाबूद कर दिया है. वहां राम भक्तों को जान से मार डाला गया, उनको सताया गया. साथ ही उनके साथ बुरा बर्ताव किया गया. सीएम ने कहा कि इतना ही नहीं, शिक्षण संस्थानों को तहस-नहस कर दिया गया. उन्होंने इस दौरान रामायण का भी जिक्र किया. सीएम योगी ने कहा कि जिस तरह रावण के समय में खर दूषण, ताड़का ने भगवान राम को परेशान किया था. ठीक उसी तरह राम मंदिर की चाह रखने वाले लोगों का उत्पीड़न किया गया.

लव-जिहाद को लेकर क्या बोले सीएम योगी?

सीएम ने अपने संबोधन के लव जिहाद को लेकर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि केरल के हाईकोर्ट ने 2009-11 में लव जिहाद को लेकर बहुत कुछ कहा था. कोर्ट ने कहा कि इसके कारण लोगों के बीच धार्मिक डेमोग्रेफी बिगड़ रही है अगर इसके लिए जल्द कुछ नहीं किया गया तो सनातन धर्म ‘खतरे’ में आ जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 2020 में लव जिहाद के लिए सख्त कानून बनाया था, लेकिन इसको व्यापक तरीके से गंभीरता के साथ अमल में लाना होगा. लव जिहाद के खिलाफ पूरे समाज को एक साथ खड़ा होना होगा.

राम जन्म भूमि के लिए सनातनी लोगों पर हुए अत्याचार

सीएम योगी ने आगे कहा कि 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि राम जन्म भूमि वहीं है जहां रामलला विराजमान हैं. सुप्रीम कोर्ट के जज का एक कथन है कि हमने रामभद्राचार्य के वक्तव्य को सुना है, जिन्होंने कहा था कि हमें अफसोस है कि सनातनी लोगों पर कितना अत्याचार किया गया है. राम के भक्त सच्चे मायनों में हनुमान और विभीषण हैं जो वास्तव में लोकपूज्यनीय है. जिन्होंने हर हालात भगवान राम का साथ दिया है उनका साथ कभी नहीं छोड़ा. चाहे वह किसी भी काल की बात हो. रावण उच्च कुल व श्रेष्ठ व्यवस्था में जन्म लेते हैं, लेकिन पशुवत मारे जाते हैं, क्योंकि वे राम के साथ युद्ध करते हैं.

सीएम योगी ने कहा कि ये वही राम हैं जो भारत में रहने वाले सभी लोगों को जोड़ने का काम करते हैं, फिर वह चाहे दक्षिण में हो, उत्तर हो, पश्चिम हो या फिर पूरब में. भगवान श्रीराम एकता के प्रतीक हैं और हम अब इस प्रतीक को मिटने नहीं देना है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com