पाकिस्तान की अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक: 13 नागरिकों की मौत, 11 बच्चे शामिल; तालिबान ने जताया कड़ा विरोध

काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। मंगलवार देर रात पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में एयरस्ट्राइक की, जिसमें 13 नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में 11 मासूम बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं।

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद के अनुसार, पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। हमले में कई घर पूरी तरह तबाह हो गए।

स्थानीय प्रशासन का दावा है कि इस कार्रवाई में 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

तालिबान सरकार ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है। वहीं सोशल मीडिया पर हमले के बाद की दर्दनाक तस्वीरें सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अफगानिस्तान ने इसे “नागरिकों के खिलाफ क्रूर अपराध” करार दिया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी बहस तेज हो गई है, खासकर उस समय जब संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की कार्रवाई पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com