खान सर बाहर, लेकिन रौशन आनंद अंदर… पटना के इस टीचर पर ऐसे क्या हैं आरोप कि नहीं मिली जमानत

पटना की सिविल कोर्ट ने खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैसल खान उर्फ खान सर की गिरफ्तारी पर कल मंगलवार को अगले आदेश तक रोक लगा दी है. जबकि प्रतिद्वंद्वी ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज कर दी गई. अभी उन्हें जेल में ही रहना होगा. उन्हें पटना में 2 कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे आपसी विवाद के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था.

एफआईआर में फैसल खान का नाम दर्ज है, जो पिछले हफ्ते पटना में हुई उस गोलीबारी की घटना से जुड़ी है, जिसमें उनके सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग करने का आरोप है. फायरिंग की घटना उस समय हुई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने खान सर के कोचिंग संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी.

रोशन आनंद की गिरफ्तारी की वजह क्या?

जबकि ज्ञान बिंदु के निदेशक आनंद को खान सर की ओर से चलाए जा रहे एक कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि 15 से 20 लोगों के एक ग्रुप ने कथित तौर पर 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट के कैंपस में तोड़फोड़ की और सेंटर पर पत्थर भी फेंके गए, और इस वजह से संपत्ति को खासा नुकसान भी पहुंचा. मामले में आनंद के साथ अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को भी 3 जून को गिरफ्तार किया गया था.

पटना के कदमकुआं थाने में इन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई. कोर्ट में सुनवाई के दौरान आनंद के वकील ने कहा कि इस मामले में धारा 109 लागू नहीं होती है क्योंकि पीड़ितों को हल्की चोटें आई हैं. इस मामले में दर्ज सभी धाराएं जमानती हैं. उन पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं और वह निर्दोष हैं. लेकिन कोर्ट ने उन्हें जमानत नहीं दी.

आनंद की रिहाई को लेकर प्रदर्शन

हालांकि दूसरे कोचिंग सेंटर के आनंद की रिहाई को लेकर पटना में प्रदर्शन किए जा रहे हैं. उनका समर्थन करने वाले छात्रों ने उनकी तुरंत रिहाई की मांग करते हुए पटना में “आक्रोश मार्च” निकालने का ऐलान किया. उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरेंगे और आरोप लगाएंगे कि आनंद को गलत तरीके से निशाना बनाया गया है.

पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में 2 जून को खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुआ हमला कोचिंग सेक्टर में बड़े विवाद में बदल गया. मुद्दा सोशल मीडिया और छात्रों के बीच काफी चर्चा में आ गया. पुलिस ने पिछले हफ्ते गुरुवार को खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़े दो सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में लिया. उन पर 2 जून की घटना के दौरान फायरिंग करने का आरोप है.

फैसल खान की गिरफ्तारी पर रोक लगी

दूसरी ओर, कोर्ट की ओर से फैसल खान की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई है. खान सर के वकील अरविंद कुमार मौआर ने कहा, “कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है. अगली सुनवाई पर केस डायरी और पृष्ठभूमि प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.” फैसल खान ने परसों सोमवार को अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी.

मौआर ने कहा, “सारी जानकारी कानून के अनुरूप कोर्ट के समक्ष रखे गए हैं. केस डायरी का परीक्षण करने के बाद कोर्ट से अंतिम आदेश पारित होने की उम्मीद है. हालांकि अगली सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है.” उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि खान के खिलाफ आगे कोई भी कार्रवाई नहीं होगी. अब इस पूरे मामले में अगले डेट में पुलिस के द्वारा दिए गए डायरी पर बहस होगी उसके बाद फिर कोर्ट का जो आदेश होगा उसे आदेश देखा जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com