Canva पर आया ये शानदार फीचर, अब बिना इंटरनेट भी बना पाएंगे शानदार डिजाइन

नई दिल्ली। लोकप्रिय ग्राफिक डिजाइनिंग प्लेटफॉर्म Canva ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए बहुप्रतीक्षित Offline Mode फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस फीचर की मदद से अब यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी डिजाइन बना और एडिट कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार यह फीचर यूजर्स की सबसे ज्यादा मांग वाले फीचर्स में से एक था।
इंटरनेट न होने पर भी जारी रहेगा काम
Canva ने बताया कि नया ऑफलाइन मोड उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, जो अक्सर यात्रा करते हैं या ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर रहती है। अब यूजर्स ट्रेन, फ्लाइट, कॉलेज, ऑफिस या किसी भी ऐसी जगह पर बिना नेटवर्क के अपना क्रिएटिव काम जारी रख सकेंगे।
स्टूडेंट्स से लेकर प्रोफेशनल्स तक को मिलेगा फायदा
कंपनी के मुताबिक इस फीचर को खास तौर पर स्टूडेंट्स, शिक्षकों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इससे क्रिएटिविटी और प्रोडक्टिविटी इंटरनेट की उपलब्धता पर निर्भर नहीं रहेगी।
14 दिनों तक मिलेगा ऑफलाइन सपोर्ट
Canva ने अपने प्रेस नोट में बताया कि ऑफलाइन सपोर्ट को सक्षम करने के बाद यूजर्स बिना इंटरनेट एक्सेस के 14 दिनों तक अपने डिजाइनों पर काम कर सकते हैं। इस दौरान वे डिजाइन को एडिट, अपडेट और सेव भी कर पाएंगे।
कैसे करेगा काम यह फीचर?
इस फीचर का उपयोग करने के लिए यूजर्स को इंटरनेट उपलब्ध होने के दौरान अपनी डिजाइन फाइल पर “Available Offline” विकल्प को सक्रिय करना होगा। इसके बाद संबंधित डिजाइन ऑफलाइन उपयोग के लिए डाउनलोड हो जाएगी और इंटरनेट न होने पर भी उस पर काम किया जा सकेगा।
इंटरनेट आते ही अपने आप होगा सिंक
Canva ने बताया कि ऑफलाइन मोड में किए गए सभी बदलाव इंटरनेट कनेक्शन बहाल होने के बाद स्वतः सिंक हो जाएंगे। इससे यूजर्स को किसी भी डेटा के खोने की चिंता नहीं रहेगी।
सभी यूजर्स के लिए मुफ्त
सबसे खास बात यह है कि Canva का यह नया Offline Mode फीचर सभी यूजर्स के लिए बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराया जा रहा है। यानी फ्री और पेड दोनों तरह के यूजर्स इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।











