तुलसी गमले के पास रील बना रहा था वीडियो, फिर भड़की हिंसा: महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला; इलाके में तनाव

रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तुलसी के पौधे के पास रील बनाने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर की बालकनी में तुलसी का पौधा रखा हुआ था। रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाले कुछ बच्चे उस पौधे के पास रील बना रहे थे और कथित तौर पर गमले को हिला रहे थे।
इस पर आपत्ति जताने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।
लाठी-डंडों से हमला, कई महिलाएं घायल
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर फिरदोस बेगम, सलतनत बेगम और मेहताब खान पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
इस मारपीट में परमिला सेन और बीच-बचाव करने आई पिंकी जॉर्ज गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों के सिर और चेहरे पर चोटें आईं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
विरोध में पहुंचा बजरंग दल, बढ़ा तनाव
घटना के विरोध में बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता बस्ती में पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। मौके पर सुअर ले जाने की घटना के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में शांति, पुलिस की निगरानी जारी
फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।











